शतचंडी महायज्ञ के बाद मानवता की सेवा, सिरसिया में जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल
क्राइम रिपोर्टर रोहित गुप्ता की रिपोर्ट
घुघली/महराजगंज :- जिले के घुघली क्षेत्र स्थित सिरसिया गांव में धर्म और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहाँ कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए गरीब व असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिससे जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली।
शतचंडी पाठ के बाद लिया गया सेवा का संकल्प
यह पुनीत कार्य सिरसिया निवासी समाजसेवियों अमरनाथ तिवारी, मोहन तिवारी और गोल्डेन तिवारी द्वारा अमरनाथ तिवारी के आवास पर आयोजित शतचंडी पाठ की पूर्णाहुति के उपरांत किया गया।
अमरनाथ तिवारी के आवास पर पिछले कई दिनों से मां शतचंडी का अनुष्ठान चल रहा था। इस दौरान विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माँ शक्ति की आराधना की गई। यज्ञ की पूर्णाहुति के समय पूरा वातावरण ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा और क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर लोक कल्याण की कामना की।
नर सेवा ही नारायण सेवा है :- अमरनाथ तिवारी धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर आयोजक परिवार ने मानवता की सेवा का संकल्प लेते हुए भीषण ठंड से ठिठुर रहे लोगों की मदद का बीड़ा उठाया। इस अवसर पर अमरनाथ तिवारी ने कहा:
“सच्ची भक्ति वही है जो नर सेवा को नारायण सेवा मानकर की जाए। इस कड़ाके की ठंड में अपनों की मदद करना और असहायों को राहत पहुंचाना हमारा नैतिक कर्तव्य है।”

ग्रामीणों ने की सराहना :-
इस पहल की स्थानीय ग्रामीणों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल धार्मिक संस्कार जीवित रहते हैं, बल्कि समाज में एकजुटता और परोपकार की भावना भी प्रबल होती है। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने आयोजक परिवार को शुभाशीष दिया।
सम्मानित व प्रमुख उपस्थित लोग :-
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से सपा नेत्री सुमन ओझा, दीनानाथ दुबे, ईश्वर पाण्डेय, रविंद्र दुबे, जुगनू दुबे, मुकेश मणि त्रिपाठी, राजेश दुबे, राजकुमार पासवान, गुड्डू पांडे, वाल्मीकि पांडे उर्फ मुन्ना पांडे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

श्री सुशील कुमार वैश्य एक जमीनी सोच रखने वाले, निष्पक्ष और जनहित को समर्पित पत्रकार हैं। वे वर्तमान में GV News (Ghughuli Vikas News) के मुख्य संपादक के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान सच्ची, निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग के लिए है।



