गोरखपुर/पिपराइच। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पिपराइच थाना क्षेत्र स्थित कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज के खेल मैदान में शुक्रवार दोपहर को 11वीं कक्षा के एक छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है और स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है।
मैदान में दोस्तों के साथ खड़ा था छात्र
मृतक छात्र की पहचान 17 वर्षीय सुधीर भारती (भोला) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे सुधीर स्कूल के खेल मैदान में अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे। हमलावरों ने सुधीर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सुधीर के गर्दन को चीरती हुई निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
सोशल मीडिया विवाद बनी हत्या की वजह?
शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे व्हाट्सएप स्टेटस (WhatsApp Status) पर की गई अभद्र टिप्पणी और आपसी रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसे शांत कराने के लिए पंचायत भी हुई थी। लेकिन रंजिश की आग ठंडी नहीं हुई और आरोपियों ने स्कूल परिसर के भीतर ही इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
भारी पुलिस बल तैनात, गुस्साए परिजनों का हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण और छात्र के परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर पर पथराव किया और जमकर हंगामा किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
मुख्य संपादक की अपील
GV News के मुख्य संपादक सुशील मद्धेशिया ने इस घटना पर दुख जताते हुए क्षेत्र के युवाओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “शिक्षण संस्थान में ऐसी हिंसक घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।”

श्री सुशील कुमार वैश्य एक जमीनी सोच रखने वाले, निष्पक्ष और जनहित को समर्पित पत्रकार हैं। वे वर्तमान में GV News (Ghughuli Vikas News) के मुख्य संपादक के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान सच्ची, निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग के लिए है।



